RCB Victory Parade Stampede LIVE: चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर मची भगदड़, एक महिला समेत 11 की मौत; जश्न में छाया मातम
सालों के इंतजार के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने आखिरकार आईपीएल 2025 का खिताब जीत लिया है। पंजाब किंग्स को फाइनल में हराकर पहली बार चैंपियन बनी RCB की इस ऐतिहासिक जीत का जश्न पूरे बेंगलुरु में बड़े धूमधाम से मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में टीम ने एक भव्य विक्ट्री परेड का आयोजन किया, जिसमें खिलाड़ी खुले बस में सवार होकर फैंस का अभिवादन करते नजर आए।
एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में हजारों की भीड़ के बीच RCB के खिलाड़ियों ने विक्ट्री लैप लगाया। विराट कोहली, रजत पाटीदार और अन्य सितारे इस ऐतिहासिक पल को फैंस के साथ साझा करते दिखे। कोहली ने इस जीत को ‘फैंस को समर्पित’ बताया और कहा कि यह उनकी वर्षों की निष्ठा का फल है।
इससे पहले, RCB टीम ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया से मुलाकात की। विधानसभा के बाहर एक विशेष सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री ने पूरी टीम को सम्मानित किया और राज्य के लिए गौरव का क्षण बताया।
हालांकि जश्न के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। चिन्नास्वामी स्टेडियम के मेन गेट के पास भारी भीड़ के कारण भगदड़ मच गई, जिसमें एक महिला समेत 11 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। कई लोग घायल हुए हैं जिन्हें पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मौके पर पुलिस और राहत दल मौजूद हैं।
आरसीबी की जीत के जश्न में उमड़े फैंस की भारी भीड़ ने आयोजकों के लिए बड़ी चुनौती खड़ी कर दी। इस घटना ने पूरे माहौल को गमगीन कर दिया है। फिलहाल खुली बस परेड को जारी रखने या स्थगित करने को लेकर अधिकारियों द्वारा विचार किया जा रहा है।
